Thursday, June 28, 2012

जमाने का एक ऐसा भी रंग देखा है
उसके हालात पे उसी को दंग देखा है
देखा है किताबों से लहू रिसते हुए
और अमन के लिए होते जंग देखा है
दैरो हरम में इबादत करते देखा है
उसी इंसान के हाथों में संग देखा है
भैंस का हिसाब लाठियों से अभी भी
इन्साफ का ऐसा ही ढंग देखा है

Wednesday, June 27, 2012

न देखा न बोले हमसे न मुस्कराए न सलाम किया

रात महफ़िल में उनने सब जाहिर सरेआम किया

जिस्मे बला नाजुक लब वो निगाहें वो अंदाजो अदा

सारे फितने उसके थे और मुफ्त हमें बदनाम किया

कैसे कैसे किस्मत वाले उन की बज्म में पहुंचे होंगे

हमने तो दरवाजे पर ही सारा वक्त तमाम किया

अक्सर हमने उठ उठ कर सोचा सबके साथ चलें

दिल ने ऐसी कोशिश को हरदम ही नाकाम किया

अमन चैन तो बाते हैं दुनिया को फितने ही भाते हैं

तैमूर ओ चंगेजों ने अपना यूँही तो नहीं नाम किया

Monday, May 21, 2012

यूँही दिन गुज़र गया रात यूँही ढल गई

बच बच के हमसे ज़िन्दगी निकल गई

कहना तो दूर जो कभी सोची तक नहीं

उनको वो बात कुछ ज्यादा ही खल गई

कल वहीं नासेह से मुलाकात क्या हुई

तौबा तो की थी पर तबीयत मचल गई

Thursday, May 17, 2012

वो मुझको बहुत भाता रहा

ये बात मैं खुदसे छुपाता रहा

मैं होता रहा कत्ल सरेआम

वो सर झुकाये शर्माता रहा

अब वो गालियाँ भी नहीं देते

पीने का तो मजा जाता रहा

इसे ज़िंदगी कहो तो कहो

सांस भर आता जाता रहा

Tuesday, March 27, 2012

कहा कुछ भी नहीं किसी ने और सुन लिया हमने

मन ही मन में न जाने क्या क्या गुन लिया हमने

मुश्किल है हकीकत में बिना ख़्वाबों के जी पाना

इक अभी टूटा ही था फिर दूसरा बुन लिया हमने

शायद न हो वही हस्र उस राह पर इस बार मिसिर

दिल के छलावे में फिर उसी को चुन लिया हमने

Monday, March 26, 2012

भूख के अहसास को इंकलाबियों को कहने दो

गज़ल को माशूक की मरमरी बाहों में रहने दो

हर एक मंजिल को सूए दार नहीं होना चाहिए

कुछ को तो दिलबरे नादाँ की राहों में रहने दो

जी नहीं सकते सिर्फ रोटी से कहा था ईसा ने

कुछ तो खुशबू सुखन की गुलाबों में रहने दो

ज्यादातर तो गमे रोजगार में बह जाता ही है

कुछ रंगे लहू कमसिन के आरिजों में रहने दो

मुफलिसों की अंजुमन बेवा के माथे की शिकन

मसाइलों को सियासी गलियारों में रहने दो

हुस्नो इश्क न डूब जायें कहीं नारों के शोर में

इस हसीन नज़्म को पैमानों बहारों में रहने दो

Wednesday, December 21, 2011

बिगड़ी हुई तबीयत कभी यूँ भी संभलती है 
रात गए महफ़िल में ज्यूँ शम्आ मचलती है 
जीता भी है तो कैसे तू जिससे खफा हो बैठे  
आँख ही खुलती है बस सांस ही चलती है 
तक़दीर यहाँ सबकी हम जैसी नहीं होती 
किस्मत भी किसी के दरवाजे पे तरसती है 
जी भर नींद की फुर्सत नसीब किसे यहाँ  
इस दुनिया में तो बस आँख भर झपकती है 
खिरदमंदों ने हर पर्दा वा करने की ठानी है 
देखें किस तरह रुख से निकाब सरकती है 

Friday, November 11, 2011

कुछ इस तरह से जमाने ने मिटाया है 
ढूँढता फिरता मुझको मेरा ही साया है
कभी हँसे हैं लोग कभी तंज भी कसे हैं 
हमने बारहा जमाने पे तरस खाया है
खुद में होते तो फिक्र अपनी भी करते 
वक्त ने मुझको मेरे पास नहीं पाया है 
तुम आखिर क्यों इसका हिसाब करो 
मैंने भला क्या खोया और क्या पाया है 
न मानो तो किताबें खोल कर पढ़ लो 
अपने खुदा को तुम्ही ने तो बनाया है 

Monday, October 17, 2011

गर्दन झुकाई नजरें उठाई ज़रा मुस्करा दिया 
बिना तलवार उसने कितनों को गिरा दिया 
अक्सर तो ज़िंदगी में दोपहर की सी धूप थी  
जुल्फों की घनी छाँव ने सबको आसरा दिया 
छोटा बड़ा अच्छा बुरा नाम क्या बदनाम क्या 
वक्त के साथ जमाने ने सबको बिसरा दिया 
दुनिया में अबतक लड़के तो जीता नहीं कोई 
मुहब्बत करने वालों ने परचम लहरा दिया 
या तो लोग अपने ही दुश्मन हैं या बेवकूफ 
हमने मसीहाओं को ही कातिल ठहरा दिया 
किस खेत की मूली हो तुम आखिर मिसिर 
रोटी की फिकिर ने सबको यहाँ घबरा दिया 

Friday, October 7, 2011

आँखों में समाकर दिल में उतर गए 
नाम पे मेरे जो महफ़िल में मुकर गए 
उनके आने तक तो हम होश में ही थे  
न जाने वो फ़िर कब और किधर गए 
पूछा किये उनसे अपना पता अक्सर 
फ़िर लेकर उन्ही से अपनी खबर गए 
इन्ही आँखों ने उनको जाते हुये देखा 
ऐसे भी कुछ हादिसे हम पे गुजर गए 
बागबाँ से लड़ के गुलशन से अब हम 
इसी शाम निकले नहीं तो सहर गए 

Wednesday, October 5, 2011

साथ चलो तो वक्त सर पे उठा लेता है 
आगे चलने की मगर ये सजा देता है 
ये किताब भी किसी काम की न रही 
हर कोई अब इसे माथे से लगा लेता है 
पत्थरों का हो या हीरों का क्या फर्क 
चाहे जिसका भी हो बोझ डुबा देता है 
क्या क्या न सितम होते हैं ज़िंदगी में  
आदमी मरने पे उसे खुदा बना देता है 
सुनता तो नहीं कोई बातें मसीहा की 
उसके पीछे से मगर रस्म चला देता है 
लिख लिख के गज़ल लोग कहते हैं 
मिसिर बस रामकहानी सुना देता है 

Sunday, October 2, 2011

बड़ी मुश्किल है ये जो कभी मचल जाये
दिल कोई बच्चा तो नहीं जो बहल जाये
दोनों जहां भी देकर देखो इक बार इसे 
शायद मान जाये शायद ये संभल जाये 
इसने तो मेरा जीना हराम कर दिया है  
कोई ले जाये ये दिल दूसरा बदल जाये 
एक ही है तमन्ना इस दिल में बसी हुई  
तुम आओ किसी रोज तो निकल जाये
जो तोड़ना हो दिल तो एक इल्तिजा है 
ये देखना कहीं पता इसे न चल जाये 

Friday, September 30, 2011

वेद ओ कुरआन को हम भी कामिल समझते थे 
मील का पत्थर निकला जिसे मंजिल समझते थे 
उनकी भी सोहबत में गुज़ार के वक्त देख लिया 
अपने जैसे ही निकले जिन्हें काबिल समझते थे 
न हम उनकी जुबाँ समझे न वो मेरी जुबाँ समझे 
वीराना सा लगा मुझको जिसे महफ़िल समझते थे 
मरते रहने के सिवा तो कुछ न हुआ जिन्दगी से 
कैसे नासमझ थे जो मौत को कातिल समझते थे 
न ज़न्नत न दोजख कुछ न पाया मरने के बाद  
बेकार ही हम ज़िंदगी का ये हासिल समझते थे 
उसमे से कितना तो लहू इंसानियत का बह गया 
बस किताब ही निकली जिसे नाजिल समझते थे 
कामिल - पूर्ण 
खैरमकदम - स्वागत
नाजिल - अवतरित 

Wednesday, September 28, 2011

यहाँ कितनों को रहनुमाई का शौक है 
आदमी आज ढूँढे से जहाँ नहीं मिलता 
ये कैसी बहार है और कैसा है ये चमन 
एक भी फूल देखिये यहाँ नहीं खिलता 
इस कदर बेहिसी कि कटते रहें दरख्त 
पत्ता भी मगर इस बाग का नहीं हिलता 
हमारी नाफर्मानियों का हिसाब नहीं 
इतनी कि अब तो खुदा भी नहीं गिनता 
इतनी किताबें और इस कदर जाहिली 
बेहतर था मिसिर तू और नहीं लिखता 

Monday, September 12, 2011

अब इस दुनिया को जब फ़िर से बनाया जाएगा 
हुक्मरानों के सीनों में भी दिल लगाया जायेगा 
खेमों में बाँट रखना जालसाजी है सियासत है 
लकीरें जो हैं नहीं कहीं उनको मिटाया जाएगा 
अगर दिल में मुहब्बत हो तो फ़िर तेरा मेरा क्या 
पत्थर की दीवारों को शीशे से गिराया जायेगा
सर को झुकाए रखना इंसानियत की तौहीन है 
गर्दन पर जब तलक है शान से उठाया जाएगा 

Thursday, September 8, 2011

सुबह की शाम हर शब की सहर होती है
ये हकीकत तो हमपे रोज जबर होती है 
हर वक्त आने वाले पल का इन्तिज़ार 
जिन्दगी अपनी बस यूँही बसर होती है 
नहीं बच पाता है बीमार इश्क में कोई  
जब तक कि चारागर को खबर होती है
आँखों में ही कटती है हमारे घर में रात 
उनके यहाँ तो पल भर में सहर होती है 
यहाँ जिन्दगी जब भी रहगुज़र होती है 
एक बस मौत ही तो हमसफर होती है 

Wednesday, September 7, 2011

एक टुकड़ा प्यास को तरसता रहा पानी 
सहरां की तपती रेत पे बरसता रहा पानी 
कहाँ वो पहाड़ और अब ये नरक के घाट 
घर वापसी को बेचैन तडपता रहा पानी
पेड़ों की याद में जो हुआ करते थे कभी
गीली लकडियों सा सुलगता रहा पानी 
उतारा पहाड़ ने तो खुर्शीद की शह पर
फ़िर बादल पे चढ़ के मंडराता रहा पानी 

Saturday, September 3, 2011

महबूब की एक नज़र थी नहीं रही
जिंदगी बस एक सफर थी नहीं रही
और तो खैर क्या होता मर जाने से 
बेकार की खटर पटर थी नहीं रही
होना न होना नज़र का धोखा है
सागर में एक लहर थी नहीं रही 
सुना था कि जल्द सब ठीक होगा 
बासी सी एक खबर थी नहीं रही 

Friday, September 2, 2011

रोशनी नहीं है या कहो अन्धेरा है
हमको हरहाल ग़ुरबत ने घेरा है
सिवाय यादों के कुछ नहीं यहाँ 
ये दिल है कि भूतों का बसेरा है 
चंद मुर्दा मुलाकातों के एहसास 
वक्त ने किस कदर मुंह फेरा है 
कुछ खुशनसीबों को पता नहीं 
जुल्फों के सिवा भी कुछ घनेरा है 
दिल है तेरा मगर फ़िर भी दर्द है 
न जाने क्या मेरा है क्या तेरा है 
लोग कहते हैं ये अच्छी गज़ल है
मैंने दर्दो गम का मंज़र उकेरा है 
कुछ भी नहीं जो हमेशा साथ रहे 
क्या है यहाँ जिसे कहिये मेरा है

Thursday, September 1, 2011

दवाओं से न बन पड़े तो दुआ करे कोई
दुआओं का मारा हो तो क्या करे कोई
दो चार ही हों तो रास्ता दिखाये कोई
भटके हुये काफ़िले का क्या करे कोई
अँधेरा बहुत हो तो सूरज उतार लायें
बन्द खिड़कियों का क्या करे कोई
हरेक ख़्वाब हकीकत हो जाये अगर  
फ़िर किस उम्मीद पे जिया करे कोई